उत्तराखंड में 2024 का खेवनहार होगा भाजपा का मुख्यमंत्री का चेहरा, इन नामों पर चल रही चर्चा

वैली समाचार, देहरादून। 

उत्तराखंड में भाजपा दूसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने वाली है। आज घोषित नतीजों में भाजपा को उम्मीदों से ज्यादा सीटों पर विजयी मिली है। हालांकि अभी कुछ सीटों पर मतगणना जारी है। लेकिन बहुमत की सरकार बनाने के लिए सर्व स्वीकार्य चेहरे की तलाश शुरू हो गई है। खासकर 2024 में लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में पार्टी ऐसे चेहरे पर निर्णय लेने की रणनीति बना रही, जो राज्य में अच्छी सरकार चलाने के साथ साथ 2024 का भी खेवनहार हो। इसके लिए कुछ नए चेहरों पर चर्चाएं शुरू हो गई है। इसके लिए फीडबैक लेना शुरू हो गया है।

भाजपा को 2017 में भी प्रचंड बहुमत मिला। करीब 57 प्रत्याशी उस दौरान विधायक का चुनाव जीते। स्व प्रकाश पंत और त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम पर मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा चली। पार्टी संगठन और केंद्रीय नेतृत्व ने त्रिवेंद्र रावत के चेहरे पर मुहर लगाते हुए मुख्यमंत्री की कमान सौंपी। त्रिवेंद्र मुख्यमंत्री बने और पूरे 4 साल रहे। अचानक बीच में उनको बिना कारण हटा दिया। इसके बाद पौड़ी सांसद तीरथ रावत को सीएम बनाया। लेकिन कुछ माह बाद उनको भी हटा दिया। इसके बाद युवा चेहरे के रूप में पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री बनाया। करीब 6 माह तक पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री के पद पर रहे। इस बीच चुनाव आचार संहिता लगने पर पुष्कर के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया। लेकिन पांच साल में प्रचंड बहुमत वाली पार्टी के तीन सीएम बनने से गलत संदेश गया। अब चुनाव पुष्कर के नेतृत्व में लड़ा गया तो वह खुद चुनाव हार गए। हालांकि पार्टी को अच्छा बहुमत मिला। लेकिन अब नया मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसकी चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों का कहना है कि 2024 में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी मुख्यमंत्री के चेहरे पर चर्चा की जा रही है। इसके लिए सबसे बेदाग छवि, अच्छा अनुभव, गढ़वाल और कुमाऊं में पैठ रखने वाले केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। इसके अलावा विधायकों में ऋतु खंडूरी महिला के साथ साथ स्वच्छ छवि, पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी की पुत्री और कोटद्वार जैसी विधानसभा से चुनाव जीतने से सर्वमान्य चेहरा बताया जा रहा है। इसके अलावा संगठन में अच्छी पकड़ रखने वाले धामी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉ धन सिंह रावत का नाम भी प्रमुख बताया जा रहा है। जबकि हिंदुत्व चेहरा सतपाल महाराज के नाम की भी चर्चा है। अब देेखना होगा कि पार्टी इस बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की लॉटरी किसके नाम की खोलती है।

 

 

सांसदों में ये बन सकते हैं मुख्यमंत्री–

1-अनिल बलूनी

2-अजय भट्ट

3-रमेश पोखरियाल निशंक

 

विधायकों में ये बन सकतें हैं मुख्यमंत्री—

1-सतपाल महाराज

2-ऋतु खंडूरी

3-धन सिंह रावत

 

इन पर विचार कर सकती पार्टी

1-पुष्कर सिंह धामी

2-त्रिवेंद्र सिंह रावत

3-अजय टम्टा (दलित चेहरा)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *