उत्तराखंड के 17 वें मुख्य सचिव बने सुखबीर सिंह संधू, राज्य में जल्द बड़े फेरबदल के संकेत

वैली समाचार, देहरादून। 

उत्तराखंड के नवनियुक्त मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहला  बड़ा निर्णय मुख्य सचिव को लेकर लिया है। धामी ने 1988 बैच के आईएएस सुखबीर सिंह संधू को उत्तराखंड के मुख्य सचिव के पद पर तैनाती के आदेश दिए हैं। इस पद पर अभी तक तैनात रहे आईएएस ओमप्रकाश को विवादित होने के कारण हटाया गया है।

राज्य में जुलाई 2020 में मुख्य सचिव उतपल कुमार सिंह सेवानिवृत्त होने के बाद सीनियर आईएएस ओमप्रकाश को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी। इससे पहले सादगी पसंद और ईमानदार छवि की आईएएस राधा रतूड़ी को मुख्य सचिव बनाने की चर्चाएं थीं। लेकिन ओमप्रकाश राज्य में सबसे सीनियर और पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत के करीबी अफसरों में शामिल होने से राधा रतूड़ी को यह जिम्मेदारी नहीं मिल सकी। कब राज्य में त्रिवेंद्र और तीरथ सिंह रावत के बाद पुष्कर सिंह धामी नए मुख्यमंत्री बने हैं। युवा, तेज तर्रार छवि के धामी ने जिम्मेदारी संभालते ही सबसे पहले मुख्य सचिव को बदल दिया। धामी ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनएचएआई में तैनात वरिष्ठ आईएएस सुखबीर सिंह संधू को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दे दी है। आईएएस ओम प्रकाश करीब छह माह बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में फिलहाल उनको प्रतीक्षा में रखा गया है। नए मुख्य सचिव संधू के नियुक्ति का आदेश जारी हो गया है। संधू आज या कल कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं। संधू मूलरूप से पंजाब के रहने वाले हैं। लुधियाना से उनकी पढ़ाई लिखाई हुई है। वह आईएएस राधा रतूड़ी के बैचमेट हैं। रतूड़ी भी 1988 बैच की आईएएस हैं।

शासन और ज़िलों में जल्द फेरबदल

नए मुख्यमंत्री अपनी टीम बनाने को जल्द शासन से लेकर राज्य के सभी जनपदों में बड़ा फ़ेरबदल कर सकते हैं। खासकर लम्बे समय से एक ही ज़िले में डटे डीएम, एसएसपी और अन्य अधिकारियों को हटाने का होमवर्क शुरू हो गया है। जल्द इस पर फैसला हो सकता है। कुछ विवादित अफसरों को भी नए सीएम साइडलाइन कर सकते हैं।

अब तक रहे उत्तराखंड के मुख्य सचिव

1. अजय विक्रम सिंह
2. मधुकर गुप्ता
3. डॉ. आरएस टोलिया
4. एम. रामचंद्रन
5. एसके दास
6. इंदु कुमार पांडे
7. नृप सिंह नपलच्याल
8. सुभाष कुमार
9. आलोक कुमार जैन
10. सुभाष कुमार
11. एन.रविशंकर
12. राकेश शर्मा
13. शत्रुघ्न सिंह
14. एस रामास्वामी
15. उत्पल कुमार सिंह
16. ओम प्रकाश
17.सुखबीर सिंह संधू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *