पुलिस की वेतन विसंगति पर आगे आये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, यूकेडी ने शुरू किया उपवास

वैली समाचार, देहरादून। 

उत्तराखंड पुलिस में ग्रेड पे की लड़ाई जोर पकड़ती जा रही है। भाजपा के विधायकों, विधान सभा अध्यक्ष के बाद अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी वेतन विसंगति में सुधार लाने के पक्ष में आगे आए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को पत्र लिखकर पुलिस का मनोबल बनाये रखने के लिए 4600 ग्रेड पे दिए जाने की वकालात की है। इधर, उत्तराखंड क्रांति दल ने पहले डीजीपी को ज्ञापन और अब काली पट्टी बांधकर धरने के साथ पुलिस कर्मियों के पक्ष में आंदोलन शुरू कर दिया है। हालांकि इस मामले में 27 को पुलिस की बैठक और 28 मई को होने वाली कैबिनेट पर भी पुलिस कर्मियों की निगाहें टिकी हुई है।

उत्तराखंड पुलिस में पहले नियमावली बनाने में देरी और अब ग्रेड पे में विसंगतिय का विवाद सोशल मीडिया और फोर्स के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस कर्मी अपनी जायज मांग मनवाने को अफसरों के बाद अब राजनीतिक दलों का सहारा ले रहे हैं। यही कारण है कि पिछले कुछ दिनों से समर्थन में मंत्री, विधायकों और महत्वपूर्ण पदों पर विराजमान माननीय खुलकर पुलिस कर्मियों की ग्रेड पे मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम समर्थन पत्र लिख रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और कुछ मंत्रियों ने भी पत्र लिखा था। अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि “2001 से भर्ती पुलिस कर्मियों को 4600 की जगह 2800 ग्रेड पे दिए जाने के आदेश से पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। जबकि इससे पहले भर्ती पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे दिया जा रहा है। सम्मान पद पर दो ग्रेड पे दिया जाना न्यायसंगत नहीं है। कोरोना काल मे जिस तरह से पुलिस कर्मियों ने बिना शेड्यूल, अवकाश के खुद की जान की परवाह न कर आम लोगों को सुरक्षित रखा है, उससे अनुशासित फोर्स का मनोबल गिरना वाजिब है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि पुलिस कर्मियों की 20 साल की संतोषजनक सेवा को देखते हुए 4600 ग्रेड पे प्रदान करने को सम्बंधित को निर्देशित किया जाए। इधर, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इस मसले को पहले ही मुख्यमंत्री और शासन को अवगत करा दिया है। मुख्यमंत्री तीरथ रावत ने प्रकरण की संवेदनशीलता पर वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी से रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में जल्द सकारात्मक फैसले की उम्मीद है।

यूकेडी ने घण्टाघर में शुरू किया उपवास

पुलिस कर्मियों की ग्रेड पे की मांग के समर्थन में उत्तराखंड क्रांति दल ने घण्टाघर स्थित इन्द्रमणि बड़ोनी की मूर्ति के सामने उपवास शुरू कर दिया है। यहां यूकेडी ने काली पट्टी बांधकर उपवास शुरू कर दिया है। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओ और पदाधिकारियों ने सरकार से जल्द 4600 ग्रेड पे न दिए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।उक्रांद के मुख्य प्रवक्ता शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि पुलिस जवान पूरे अनुशासन के साथ ड्यूटी करें, हम उनके हक की लड़ाई के लिए हर सम्भव प्रयास आंदोलन के रूप में उनकी मांग पूरी कराने के लिए करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *