श्रीनगर और पौड़ी के पूर्व विधायक सुंदरलाल मंद्रवाल का निधन, गांधीवादी नेता के निधन से शोक की लहर

-उत्तरकाशी में लम्बी राजनीति के बाद 2002 में श्रीनगर सीट से जीता था चुनाव

-2012 में पौड़ी विधानसभा से जीता चुनाव, हरिद्वार में हुआ अंतिम संस्कार

वैली समाचार, श्रीनगर

कांग्रेस के वरिष्ठ गांधीवादी नेता और दो बार विधायक रहे सुंदरलाल मंद्रवाल(82) का निधन हो गया। अचानक बुखार आने के बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती किया। जहां इलाज के दौरान पूर्व विधायक ने अंतिम सांस ली। पूर्व विधायक के निधन की सूचना से कांग्रेस समेत विभिन्न सामाजिक और राजनैतिक संगठनों में शोक की लहर है।

मूल रूप से उत्तरकाशी भटवाड़ी रोड निवासी कांग्रेस के गांधीवादी नेता पूर्व विधायक सुंदरलाल मंद्रवाल जोगीवाला बद्रीपुर में रह रहे थे। उत्तरकाशी में कर्मभूमि और लंबी राजनीति करने बाद पार्टी ने 2002 में श्रीनगर विधानसभा का टिकट दिया और जीत दर्ज कराई। इसके बाद पार्टी ने 2012 में उन्हें पौड़ी विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया। यहां भी उन्होंने जीत दर्ज की। दो बार विधायक रहने के अलावा वह विधानसभा में सभापति, मुख्यमंत्री के समाजकल्याण विभाग के सलाहकार, एससी आयोग से सदस्य, पीसीसी मेंबर, उपाध्यक्ष, समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। सहकारिता में डिप्टी रजिस्टार उनकी बेटी रामेन्द्री मंद्रवाल ने बताया कि गत दिवस अचानक उनको बुखार आया। इस पर वह घर के नजदीकी गोविंद अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। पूर्व विधायक के निधन की सूचना से परिजनों में शोक की लहर है। वह अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटे का भरापूरा परिवार छोड़ गए। बुधवार को हरिद्वार गंगा तट पर उनको अंतिम विदाई दी गई।

 

 

कांग्रेसियों ने पूर्व विधायक के निधन पर जताया शोक

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक सुन्दर लाल मन्द्रवाल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने स्व0 सुन्दर लाल मन्द्रवाल को कांग्रेस पार्टी का वरिष्ठ, निष्ठावान एवं कर्मठ नेता बताते हुए उनके निधन को पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। कहा कि सरल स्वभाव के धनी स्व0 सुन्दर लाल मन्द्रवाल ने कांग्रेस पार्टी के एक कर्मठ एवं निष्ठावान नेता थे।शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए उन्होने कहा कि पूरा कांग्रेस परिवार इस दुःख की घडी में उनके साथ है। मन्द्रवाल के निधन पर कांग्रेस भवन में एक शोकसभा का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, महामंत्री राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, पी.के. अग्रवाल, याकूब सिद्धिकी, पूर्व मंत्री अजय सिंह, गरिमा दसौनी, लखपत बुटोला, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, अजय नेगी, युवा कांगे्रस महासचिव संदीप चमोली, डाॅ प्रतिभा सिंह, कमलेश रमन, अजय रावत, महेश जोशी, अमरजीत सिंह, विशाल मौर्य आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *