पिथौरागढ़ में बरसी आसमानी आफत, कई मकान जमींदोज, 7 लोग लापता

वैली समाचार, देहरादून। 

पिथौरागढ़ के धारचूला में गत दिवस भारी बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। बारिश से ग्राम जुम्मा गांव में कई घर भूस्खलन की चपेट में आ गए। इस दौरान अलग अलग घरों में सो रहे 7 लोग लापता हो गए। जबकि अन्य ग्रामीणों ने भागकर जान बचाई है। मौके पर डीएम और एसपी ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीएम आशीष चौहान को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पिथौरागढ़ के तहसील धारचूला के ग्राम जुम्मा में भारी वर्षा से हुए नुकसान के बारे में कुमाऊं कमिश्नर सुशील कुमार एवं अपर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ फिंचाराम से वर्चुअल माध्यम से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र में मौजूद जिलाधिकारी आशीष चौहान से फोन पर राहत व बचाव कार्यों की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने कुमाऊं कमिश्नर एवं जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र से लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर लाया जाय। प्रभावितों को रहने के साथ ही खाद्य सामग्री, दवाइयों एवं बच्चों को दूध की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। यह सुनिश्चित किया जाय की प्रभावित क्षेत्र में कोई न फंसे। मुख्यमंत्री ने कुमाऊं कमिश्नर को निर्देश दिए की प्रभावित क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को जल्द शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाय। लोक निर्माण विभाग की टीम से जल्द रास्ते का मलवा हटाया जाय। एनएच के जो भी रूट बाधित हो रहे हैं, उनको शीघ्र खुलवाने के लिए जेसीबी एवं अन्य करण की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए।  मुख्यमंत्री ने कुमाऊं कमिश्नर एवं जिलाधिकारी पिथौरागढ़ से बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली । प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 लोगों के मृत्यु एवं 04 लोगों के लापता होने की सूचना है। प्रशासन एवं एसएसबी की टीम घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष चौहान प्रभावित क्षेत्र में हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फोन से जिलाधिकारी से लगातार अपडेट ले रहे हैं। मौसम साफ होते ही मुख्यमंत्री प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे।

इस अवसर पर केबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक चंद्रा पंत,  खजान दास, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आपदा प्रबंधन रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. आनन्द श्रीवास्तव, पिथौरागढ़ से वर्चुअल माध्यम से एडीएम फिंचाराम चौहान मौजूद थे।

 

 

लापता लोगो का विवरण:-
1. चन्द्र सिंह पुत्र श्री किशन सिंह, उम्र:- 45
2. हाजिरी देवी पत्नी चंद्र सिंह, 42 वर्ष।

घायलों का विवरण:-
1. अंजलि पुत्री मान सिंह, 16 वर्ष।
2. दिया पुत्री मान सिंह, 15 वर्ष।

मृतक का विवरण:-
1. संजना, 15 वर्ष,
2. रेनू उम्र 11 वर्ष,
3. शिवानी, उम्र 09 वर्ष।
तीनो पुत्रिया जोगा सिंह।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *