यूपी के सीएम योगी और पूर्व सीएम अखिलेश कोरोना पॉजिटिव, 24 घण्टे में दो लाख के करीब पहुंचे मरीज

वैली समाचार, देहरादून। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोरोना संक्रमित हो गए हैं।  मुख्यमंत्री ने खुद को आईशोलेशन में रखते हुए ट्वीट कर यह जानकारी दी है। इससे पहले यूपी मुख्यमंत्री कार्यालय के कई अधिकारी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय के कई अफसर और कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपना टेस्ट कराया। टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री ने यह जानकारी शेयर की। इधर, सीएम नेे 5 अप्रैल को ही कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली थी। योगी इन दिनों पश्चिम बंगाल चुनाव में लगातार चुनावी सभाएं करते रहे हैं। मुख्यमंत्री के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के स्टाफ ने भी जांच करानी शुरू कर दी है। कई स्टाफ स्वयं आईशोलेशन में चले गए हैं। उधर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर की। अखिलेश ने लिखा कि पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आने वाले लोग खुद को आइसोलेट कर लें।

 

उत्तर प्रदेश में 95 हजार से ज्यादा एक्टिव केस

उत्तर प्रदेश में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 95 हजार से ज्यादा हो गई है। अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर का संकट सामने आने लगा है। पूरे राज्य में रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुजरात के अहमदाबाद से रेमडेसिविर इंजेक्शन के 25 हजार डोज मंगवाने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से इंजेक्शन की सप्लाई कराने का आदेश दिया है।

 

देश में 24 घंटे में 1.85 लाख से ज्यादा मरीज मिले

देश में मंगलवार को 1 लाख 85 हजार 104 नए मरीज मिले। 82,231 ठीक हुए और 1,026 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1 लाख 1 हजार 835 की बढ़ोतरी हुई। नए मरीजों का आंकड़ा तो हर दिन नई ऊंचाई पर पहुंच ही रहा है, लेकिन पहली बार एक्टिव केस में भी एक लाख से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। मौत का आंकड़ा भी इस साल पहली बार 1,000 के पार गया है। पिछले साल महामारी की पहली लहर में सबसे ज्यादा 1,281 मौतें 15 सितंबर को हुई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *