दुष्कर्म के आरोप में विधायक महेश नेगी और पत्नी के खिलाफ मुकदमा

वैली समाचार, देहरादून। 

राज्य में पिछले एक माह से यौन शोषण के आरोप से घिरे भाजपा विधायक महेश नेगी और उनकी पत्नी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म करने और जान से मारने का मुकदमा दर्ज किया है। इधर, पहले पीड़ित महिला और अब विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज होने के बाद अब पुलिस की निष्पक्ष जांच पर सभी की निगाहें लगी हुई है।

उत्तराखंड में एक विवाहिता महिला पिछले एक माह से भाजपा विधायक महेश नेगी पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए उनसे जन्मी बेटी का डीएनए जांच कराने की मांग कर रही है। इस मामले में महिला पर विधायक की पत्नी ने ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज कराया है। जबकि महिला की तहरीर पर पुलिस जांच की बात कह रही थी। मुकदमा दर्ज न होने पर महिला ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। कुछ दिन पूर्व महिला ने वीडियो जारी कर विधायक पर दुष्कर्म के आरोप लगाए और उन्हें अपनी बेटी का पिता बताया। महिला का यह भी कहना है कि उसने अपनी बेटी व पति का डीएनए जांच कराई थी, जिसमें वह उसके पति की बेटी नहीं पाई गई है। लिहाजा, बेटी के जैविक पिता विधायक महेश नेगी ही हैं। महिला ने विधायक के खिलाफ पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने फिलहाल उस पर मुकदमा दर्ज नहीं किया था। इस बीच महिला ने कोर्ट की शरण ली। एसीजेएम पंचम ने शनिवार को इस मामले में अविलंब मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि इस मामले में शनिवार देर रात विधायक महेश नेगी और उनकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधायक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 व 506 यानी दुष्कर्म करना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। जबकि उनकी पत्नी को धारा 506 के तहत सह आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। बहरहाल पहले महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मुकदमा और अब विधायक और पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से मामला गंभीर बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *