मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण से सचिवालय में मचा हड़कंप, एक एक अनुभाग में कामकाज की ली जानकारी

वैली समाचार, देहरादून।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजा अर्चना के बाद सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री आवास में कामकाज करना शुरू कर दिया है। आज मुख्यमंत्री दफ्तर में बैठने की बजाय सीएम सीधे अनुभागों में कामकाज के तौर तरीकों के निरीक्षण को पहुंच गए। इससे सचिवों से लेकर अनुभाग में काम कर रहे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीएम ने अनुभागों में कई फाइलों को स्वयं देखा और अफसरों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

अक्सर जनपद स्तर पर तैयार विकास कार्यों की फाइलें सचिवालय में अटकी होने की बात सामने आती रहती है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने आज सचिवालय में कामकाज करने से पहले हवन यज्ञ किया। इस दौरान नेताओं और अफसरों ने मुख्यमंत्री के स्वागत में गुलदस्ते भेंट किए। दफ्तर की पूजा के बाद सीएम अचानक सचिवालय स्थित अनुभागों के निरीक्षण को पहुंच गए। सीएम के अनुभाग में पहुंचते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री ने सचिवालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों का अवलोकन भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि शासन स्तर पर प्राप्त होने वाली पत्रावलियों का त्वरित निस्तारण किया जाय। उन्होंने कहा कि शासन से जनता की बहुत उम्मीदें होती हैं। यह सुनिश्चित किया जाय कि जन समस्याओं का समाधान शीघ्रता से हो और आम लोगों और जनप्रतिनिधियों को सचिवालय के चक्कर न लगाने पड़े। मुख्यमंत्री ने शासन स्तर पर प्राप्त होने वाली पत्रावलियों के ट्रेकिंग सिस्टम को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed